कार से 45 किलोग्राम डोडाचूरा के साथ एक आरोपी गिरफ्तार।
अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध पारसोली थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
बेगूं ( 27 जनवरी )। पुलिस थाना पारसोली द्वारा मादक पदार्थ तस्करो के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए मंगलवार को नाकाबंदी के दौरान एक कार से 45.210 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त कर अजमेर जिले के एक तस्कर को गिरफतार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अवैध रुप से मादक पदार्थों का परिवहन करने वाले तस्करो पर प्रभावी कार्यवाही के मध्यनजर एएसपी रावतभाटा भगवत सिंह के निर्देशन व डीएसपी बेगूं अंजलि सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी पारसोली शिवराज राव के नेतृत्व में एएसआई रामदयाल, कानि. जितेन्द्र, सोनाराम, मनोज, शीशराम व राजेन्द्र द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 कोटा-चितौडगढ लेन, सरहद काटून्दा में नाकाबंदी की जा रही थी। नाकाबंदी के दौरान कोटा की तरफ से कार मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर आई जिसको रुकवाया गया तो कार चालक ने कार को नाकाबंदी के साईड से निकालने का प्रयास किया। कार को घेरा देकर रोका गया। कार में एक व्यक्ति बैठा हुआ नजर आया जिससे पूछताछ की गई तो घबरा गया। कार की तलाशी ली गई तो कार की डिक्की के अन्दर 2 काले रंग के प्लास्टिक के कट्टो में कुल 45.210 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम डोडाचूरा भरा हुआ पाया गया। उक्त अवैध डोडाचूरा व कार को जब्त कर आरोपी 30 वर्षीय शाकिर हुसैन उर्फ सोनू पुत्र अब्दुल जब्बार निवासी बघेरा रोड, आजाद नगर, केकडी पुलिस थाना केकडी जिला अजमेर को गिरफ्तार किया गया। थाना पारसोली पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।









