बेगूं में कांग्रेस का मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान को लेकर जनआंदोलन ।
बेगूं ( 31 जनवरी ) । बेगूं उपखंड क्षेत्र के मांडना स्थित फार्म हाउस पर कांग्रेस ने ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अभियान के तहत जन आंदोलन की शुरुआत कर कार्यक्रम आयोजित किया । कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व संसदीय सचिव व पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी , सचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी राजस्थान एवं नगर पालिका अध्यक्ष बेगूं श्रीमति रंजना शर्मा, मुख्य अतिथि प्रदेशाध्यक्ष अल्पसंख्यक विभाग प्रदेश कांग्रेस कमेटी एम डी चोपदार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चित्तौड़गढ़ प्रमोद शिशोदिया, विशिष्ट अतिथि सचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी ललित बोलीवाल, विधानसभा प्रभारी बेगूं अविचल व्यास ने की। इस दौरान मंच पर मौजूद अतिथियों ने केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की।
इस दौरान पूर्व विधायक बिधूड़ी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मनरेगा जैसी जनहितकारी योजना का नाम बदलकर श्रमिकों के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा गरीब, मजदूर और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन सरकार की नीतियों से इसे कमजोर किया जा रहा है।
बिधूड़ी ने यह भी कहा कि श्रमिकों को समय पर काम नहीं मिल रहा है, मजदूरी भुगतान में देरी हो रही है और रोजगार के दिनों में कटौती की जा रही है, जिससे उनका भरोसा टूट रहा है। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा मजदूरों और गरीबों के हितों के लिए खड़ी रहेगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमोद शिशोदिया ने कहा कि भाजपा सरकार के मजदूर विरोधी मंसूबों को कांग्रेस सफल नहीं होने देगी। उन्होंने मनरेगा का नाम बदलने को श्रमिकों के साथ धोखा और रोजगार गारंटी खत्म करने की साजिश बताया।
पालिका अध्यक्ष रंजना शर्मा ने कहा कि कांग्रेस इस अभियान के माध्यम से गांव-गांव जाकर श्रमिकों को जागरूक करेगी और उनकी आवाज को मजबूती से उठाएगी। कार्यक्रम के दौरान मनरेगा श्रमिकों ने भी अपनी समस्याएं साझा कीं। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष बेगूं रावतभाटा कालू लाल भील,अध्यक्ष नगर कांग्रेस कमेटी बेगूं ललित बैरागी,अध्यक्ष नगर कांग्रेस कमेटी रावतभाटा शंकर बुनकर बेगूं ब्लॉक के कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।









