सवाई माधोपुर। जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अवैध गतिविधियों पर अंकुश अभियान के तहत मध्य प्रदेश से दिल्ली ले जाई जा रही स्कार्पियो कार से एक करोड़ 11 लाख रुपए की नगदी के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन को जप्त किया गया है। सवाई माधोपुर जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह मीणा, सीओ हेमराज बैरवा के नेतृत्व में सवाई माधोपुर जिले भर में नाकाबंदी कर वाहनों की सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा था, इसी दौरान 20 दिसंबर को रवाजंना डूंगर थाना प्रभारी दिलीप कुमार वर्मा व मानटाउन थाना प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता की टीमों द्वारा नाकेबंदी के दौरान मध्य प्रदेश से दिल्ली जा रही एक स्कॉर्पियो कार को रोका गया कार के आगे व पीछे की नंबर प्लेटों पर मिट्टी लगी थी, कार सवार पांच लोगों के हाव भाव संदिग्ध पाए जाने पर पूछताछ की गई, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वाहन की तलाशी ली गई तलाशी के दौरान पीछे की सीट के नीचे बैग मिले जिनमें 500, 200, 100 एवं 50 रुपए के नोटों के बंडल मिले जिन्हें मशीन लगाकर गिनती करवाई जाने पर एक करोड़ 11 लाख रुपए की नगदी पाई गईl कार सवारों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर पुलिस ने धारा 106 बीएनएस के तहत नोटो को जप्त कर आयकर विभाग को सूचित किया। आयकर विभाग की टीम रवांजना डूंगर पुलिस थाने में आरोपियों से पूछताछ कर रही हैl गिरफ्तार आरोपियों में मयंक राठौर निवासी तलवाड़ा डैम जिला बड़वानी मध्य प्रदेश, विश्वनाथ साहू निवासी सोना घाटी जिला बैतूल मध्य प्रदेश, सचिन जायसवाल निवासी सलावद जिला खरगोन मध्य प्रदेश, सुदामा कुशवाह निवासी बड़ागरी जिला दतिया मध्य प्रदेश, व राकेश मरकाम निवासी मरकाम ढाना जिला छिंदवाड़ा मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया गया है।









