डीएसपी व थानाधिकारी सहित अधिकारियों ने जवानों के साथ खेली होली।
बेगूं (05 मार्च 2026)। बेगूं में होली एवं अन्य त्यौहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस अधिकारियों एवं जवानों द्वारा लगातार कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी का निर्वहन किया जाता रहा है। त्यौहार के दौरान क्षेत्रभर में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस बल दिन-रात मुस्तैद रहा और आमजन को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने का अवसर प्रदान किया।
धुलंडी के अगले दिन बेगूं एवं पारसोली पुलिस थाना परिसर में डीएसपी अंजलि सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों एवं जवानों के साथ धूमधाम से पुलिस होली का आयोजन किया गया।
डीएसपी, थानाधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों ने पुलिस जवानों के साथ गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारी एवं जवान डीजे की धुन पर जमकर थिरके और होली के रंगों के साथ उत्साहपूर्वक त्योहार का आनंद लिया। डीएसपी द्वारा जवानों के साथ मिलकर डीजे पर नृत्य करने से कार्यक्रम में विशेष उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। इस दौरान पुलिस परिवार के बीच आपसी अपनापन, समन्वय एवं टीम भावना का अनूठा उदाहरण देखने को मिला।
डीएसपी अंजलि सिंह ने सभी अधिकारियों एवं जवानों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस परिवार का प्रत्येक सदस्य समाज में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए हमेशा तत्पर रहता है। त्यौहारों के दौरान अपने परिवार से दूर रहकर ड्यूटी करना पुलिस सेवा की विशेष जिम्मेदारी है, जिसे सभी अधिकारी व जवान पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाते हैं।
इस अवसर पर डीएसपी अंजलि सिंह, थानाधिकारी बेगूं कमलचंद मीणा, पारसोली थानाधिकारी ठाकराराम सहित अन्य अधिकारी व जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्रमें शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प दोहराया









