मोतीपुरा में ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए हिंदी माध्यम की मांग की।
बेगूं । उपखंड क्षेत्र के पारसोली स्थित मोतीपुरा गांव में ग्रामीणों ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने विद्यालय में हिंदी माध्यम बंद किए जाने के विरोध में किया गया, जिसमें ग्रामीण, अभिभावक और स्कूल के विद्यार्थी शामिल हुए।
ग्रामीणों ने बताया कि सत्र 2023-24 से इस विद्यालय को अंग्रेजी माध्यम में बदल दिया गया है। इससे आसपास के गांवों से आने वाले हिंदी माध्यम के छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, और कुछ विद्यार्थियों को मजबूरन अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि मोतीपुरा क्षेत्र में यह एकमात्र उच्च माध्यमिक विद्यालय है। यहां आसपास के गांवों के बच्चे कक्षा 6 से आगे की पढ़ाई के लिए आते हैं। हिंदी माध्यम उपलब्ध न होने के कारण इन छात्रों के भविष्य पर संकट मंडरा रहा है। बच्चों ने भी अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भाषा की बाधा उनके सामने एक बड़ी दीवार बन गई है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मांग की कि कक्षा 6 से 12 तक हिंदी माध्यम का विकल्प तुरंत शुरू किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर जल्द ही कोई समाधान नहीं निकाला गया, तो वे एक बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।









