बेगूं ( 13 मार्च ) । कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा राजस्थान में महिला सुरक्षा को सशक्त बनाने के लिए राजकॉप सिटीजन ऐप (RajCop Citizen App) के प्रति महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है। इसी को लेकर बेगूं के आदर्श विद्या मंदिर बेगूं में शुक्रवार को कालिका पेट्रोलिंग यूनिट टीम थाना बेगूं की महिला कांस्टेबल किरण शर्मा ने राजकॉप सिटीजन ऐप की जानकारी दी। इस दौरान विद्यालय की महिला कर्मचारियों एवं अन्य सदस्यों के मोबाइल में यह ऐप इंस्टॉल भी कराया गया एवं हेल्पलाइन नंबर 100, 112, 1930, 1098, 1090 के बारे में जानकारी दी ।
उन्होंने बताया कि राजस्थान पुलिस की ‘कालिका पेट्रोलिंग यूनिट’ राज्य में महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा के लिए गठित एक विशेष पुलिस टीम है। यह यूनिट स्कूटी पर सवार होकर स्कूल, कॉलेज, पार्क और भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त करती है। प्रशिक्षित महिला कांस्टेबल/हेड कांस्टेबल छेड़छाड़ और अपराधों को रोकने के लिए 24 घंटे सक्रिय रहती हैं। यह यूनिट त्वरित कार्रवाई के लिए 1090/112 हेल्पलाइन नंबर से भी जुड़ी है।
राजकॉप सिटीजन ऐप राजस्थान पुलिस द्वारा विकसित एक आधिकारिक मोबाइल एप्लिकेशन है, जो नागरिकों को सीधे पुलिस सेवाओं से जोड़ता है। यह ऐप आपातकालीन स्थितियों, एफआईआर देखने, गुमशुदा सामान/मोबाइल की रिपोर्ट करने, किरायेदार सत्यापन और अन्य पुलिस सेवाओं के लिए उपयोग किया जाता है। इसे एंड्रॉइड (गूगल प्ले स्टोर) पर डाउनलोड किया जा सकता है।
*किरायेदार या नौकर का सत्यापन करने की सुविधा भी इसमें उपलब्ध*
मुसीबत में होने पर, ऐप में ‘Need Help’ बटन पर क्लिक करते ही उपयोगकर्ता की लाइव लोकेशन पुलिस कंट्रोल रूम तक पहुंच जाती है। इस ऐप के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है, एफआईआर की स्थिति देखी जा सकती है और उसे डाउनलोड भी किया जा सकता है। मोबाइल या अन्य कोई दस्तावेज खो जाने पर भी इस ऐप के जरिए रिपोर्ट दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही किरायेदार या नौकर का सत्यापन करने की सुविधा भी इसमें उपलब्ध है। ऐप में पुलिस, महिला हेल्पलाइन, साइबर क्राइम और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर भी दिए गए हैं।









